दिल्ली में बारिश बनी आफत: जैतपुर, सौरभ विहार और बदरपुर में जलभराव से जनजीवन बेहाल, बुजुर्ग महिला गिरी, स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी

Edited by: Edvin Masih, District Reporter,

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जैतपुर, सौरभ विहार और बदरपुर क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। भारी बारिश के चलते कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं, जबकि नालियां ओवरफ्लो होने से जगह-जगह जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। सड़कें तालाब में तब्दील होने के कारण आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह से ही कई लोग जलभराव के कारण फिसलकर गिर चुके हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अब तक करीब आठ महिलाएं सड़क पर फिसलकर गिर चुकी हैं। हमारे पास मौजूद वीडियो में एक बुजुर्ग महिला जलभराव वाले रास्ते से गुजरते समय संतुलन खोकर पानी में गिर जाती हैं। आसपास मौजूद लोगों की मदद से वह किसी तरह उठकर आगे बढ़ती हैं। यह दृश्य इलाके की बदहाल व्यवस्था और लोगों की परेशानी को साफ तौर पर बयां करता है।

बारिश का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर भी देखने को मिला। वीडियो में बच्चे घुटनों तक भरे पानी से होकर स्कूल जाते और वापस घर लौटते दिखाई दे रहे हैं। जलभराव के कारण बच्चों को हर कदम संभलकर चलना पड़ रहा है, जिससे अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है।

वहीं दफ्तर जाने वाले लोगों को भी लंबी ट्रैफिक जाम और घंटों की देरी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर दुकानों में बारिश का पानी घुसने से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान की आशंका है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द पानी नहीं निकाला गया तो उनका काफी सामान खराब हो सकता है।

इलाके के निवासियों का आरोप है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति बनती है, लेकिन संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से अब तक जलनिकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। लोगों का कहना है कि अस्थायी उपायों के बजाय अब स्थायी समाधान की आवश्यकता है, ताकि हर बारिश में उन्हें ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभागों और प्रशासन से मांग की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों से तत्काल पानी की निकासी कराई जाए, नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए प्रभावी एवं स्थायी व्यवस्था की जाए।

AI Generated Image

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!