Edited By: Rohit Kumar Dongre, District Reporter, Balaghat, Madhya Pradesh
बालाघाट किरनापुर 07/08/2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर जनता से संवाद एवं आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से प्रदेशभर में 07 अगस्त से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 प्रारंभ किया गया है, जो 08 जनवरी 2027 तक संचालित होगा। अभियान के अंतर्गत बालाघाट जिले का पहला शिविर 07 अगस्त को किरनापुर में आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम के मार्गदर्शन में उत्कृष्ट विद्यालय किरनापुर में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 485 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर के दौरान जनसंवाद के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा अधिकारियों ने ग्रामों का भ्रमण कर विभागीय गतिविधियों का जायजा भी लिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण
जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपचाररत मरीजों से चर्चा की तथा अस्पताल के विभिन्न वार्ड, पैथोलॉजी, ओपीडी एवं दवा भंडार कक्ष का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कर्मचारियों की उपस्थिति सार्थक ऐप के माध्यम से अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए। ऐसा नहीं करने पर वेतन कटौती की कार्रवाई की जाएगी।
आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति पर दिया जोर
कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-05 का निरीक्षण कर बच्चों के टीकाकरण एवं गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में दर्ज सभी बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा नियमित रूप से नाश्ता एवं मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बच्चो का नियमित रूप से टीकाकरण करने एवं उनके पोषण स्तर पर कडी निगरानी रखने के निर्देश दिये।
एसडीएम एवं तहसील कार्यालय की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कलेक्टर ने किरनापुर स्थित एसडीएम एवं तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर रिकॉर्ड रूम को व्यवस्थित रखने तथा अभिलेखों की सुरक्षा के बेहतर इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम कार्यालय के नवीन भवन का निरीक्षण कर कार्यालय को शीघ्र नए भवन में स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए।
युवा संवाद में रोजगार के अवसर बढ़ाने का भरोसा
युवा संवाद कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में पूर्व की तरह रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा और अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए आश्वस्त किया कि सभी आवेदनों का नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा टीएल बैठक में की जाए। राजस्व विभाग के अधिकारियों को सीमांकन, नामांतरण एवं बंटवारे के प्रकरण तीन माह से अधिक लंबित नहीं रखने के निर्देश भी दिए गए।
ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, आवास सहित विभिन्न समस्याएं रखीं
शिविर में लाड़ली लक्ष्मी योजना, नल-जल योजना, सड़क निर्माण, नाली सफाई, आंगनवाड़ी भवन, दिव्यांग प्रमाण पत्र, आवास योजना, मजदूरी भुगतान, बीपीएल कार्ड तथा स्कूलों में पाठ्यपुस्तक वितरण जैसी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। करियादंड ग्राम पंचायत के नेवरगांव खुर्द की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बैठक भवन की मांग की, जिस पर सीआईएफ राशि उपलब्ध होने पर भवन स्वीकृत करने के निर्देश दिए गए। ग्राम लवेरी की महिलाओं ने रोजगारमूलक गतिविधियों के लिए ऋण एवं अवसर उपलब्ध कराने की मांग रखी। ग्राम कुण्डे की महिला पंच द्वारा स्कूल के बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी शिकायत पर कलेक्टर ने स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने तथा पुलिस के सहयोग से नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
विभिन्न विभागों के काउंटरों पर मिलीं जनसेवाएं
शिविर में लोक सेवा केंद्र, ऊर्जा, राजस्व, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, श्रम, वन, सामाजिक न्याय, पंचायत, पुलिस एवं खाद्य आपूर्ति विभागों से संबंधित कुल 485 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों का पंजीयन कर संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया। शिविर में आयुष्मान कार्ड, आधार संशोधन एवं संबल कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर स्थापित किए गए थे। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत बालिकाओं मानवी, यश्वी, तनवी, पूर्वी एवं बैसाखी को आश्वासन प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही सोनपुरी की हर्षिता तथा किरनापुर की आरवी एवं रेमांशी को पोषण किट वितरित की गई।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही सहभागिता
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सम्राट सिंह सरसवार, विधायक श्री राजकुमार कर्राहे, जनपद अध्यक्ष श्री राणा कल्याण सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुश्री डाली कावरे, श्रीमती मीरा सिंघनधुपे, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर श्री जीएस धुर्वे, श्री डीपी बर्मन, एसडीएम श्री आदित्य नारायण तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनपद सदस्य, सरपंच, पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे




