कोटद्वार। मोटाढांग के खेल मैदान में आयोजित अमर शहीद मुकेश बिष्ट स्मृति फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन बड़े ही उत्साह और जोश के साथ हुआ। टूर्नामेंट के फाइनल मैच के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री आदरणीय श्री सुरेन्द्र सिंह नेगी जी रहे। इस अवसर पर उन्होंने विजेता टीम बाल भारती स्कूल और उपविजेता टीम एमकेवीएन स्कूल के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि श्री सुरेन्द्र सिंह नेगी जी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि—
खेल का असली उद्देश्य जीत या हार नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, एकता और संघर्ष की भावना जगाना है। हार किसी अंत का नाम नहीं, बल्कि अगली जीत की पहली सीढ़ी होती है।
उपविजेता टीम के हौसले को बढ़ाते हुए नेगी जी ने कहा—
जो हारकर भी मुस्कुराते हैं, वही असली खिलाड़ी होते हैं। मैदान में गिरकर उठने वाला ही एक दिन विजेता बनता है। याद रखो, हार के बाद ही असली जीत जन्म लेती है।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास करने, खेल भावना बनाए रखने और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर समाज व देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में बाल भारती स्कूल ने शानदार तालमेल और उम्दा खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की, वहीं एमकेवीएन स्कूल ने भी कड़े मुकाबले में शानदार संघर्ष दिखाकर उपविजेता बनकर सबका दिल जीत लिया।
आयोजकों ने बताया कि यह टूर्नामेंट अमर शहीद मुकेश बिष्ट की स्मृति को समर्पित है और हर वर्ष इसे और भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा।



