पौड़ी 1 जून 2026
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं शीर्ष कांग्रेस नेता माननीय श्री राहुल गांधी जी के आगामी उत्तराखंड दौरे तथा पौड़ी में प्रस्तावित पूर्व सैनिक संवाद कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज पौड़ी में कांग्रेस संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी माननीय कुमारी शैलजा जी ने कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्थाओं एवं संगठनात्मक समन्वय की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। बैठक में उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री गणेश गोदियाल जी, पूर्व कैबिनेट मंत्री माननीय श्री सुरेन्द्र सिंह नेगी जी,सह प्रभारी श्री सुरेंद्र शर्मा जी, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत जी, प्रतापनगर विधायक श्री विक्रम सिंह नेगी जी, बद्रीनाथ विधायक श्री लखपत बुटोला जी, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री मंत्री प्रसाद नैथानी जी, कांग्रेस पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल (सेवानिवृत्त) राम रतन नेगी जी, जिलाध्यक्ष श्री विनोद नेगी जी, श्री राजपाल बिष्ट जी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रीमती रुचि कैन्तुरा जी समेत वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक के दौरान माननीय कुमारी शैलजा जी ने कहा कि राहुल गांधी जी का प्रस्तावित उत्तराखंड दौरा प्रदेश के पूर्व सैनिकों, युवाओं और आमजन की भावनाओं एवं मुद्दों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। उन्होंने सभी नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को ऐतिहासिक, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं, जनसंपर्क अभियान, विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से सहभागिता सुनिश्चित करने तथा संगठनात्मक समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि राहुल गांधी जी का यह दौरा उत्तराखंड में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा तथा पूर्व सैनिकों और युवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का अवसर बनेगा।
बैठक का समापन कार्यक्रम की सफलता हेतु सामूहिक संकल्प और संगठनात्मक एकजुटता के संदेश के साथ हुआ।



