Edited by Edvin Masih, District Reporter South East Delhi 13/जुलाई 2026
नई दिल्ली, बदरपुर। राजधानी दिल्ली के बदरपुर थाना क्षेत्र के मोलड़बंद एक्सटेंशन में प्रेम संबंध को लेकर एक 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि युवती के भाई ने किशोर को बातचीत के बहाने बुलाया, जहां पहले से मौजूद लोगों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 8 बजे बदरपुर थाना पुलिस को डीडी नंबर 94ए के माध्यम से मोलड़बंद स्थित पांडे मेडिकल स्टोर, गली नंबर-4, 40 फुट रोड पर चाकूबाजी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि मोलड़बंद एक्सटेंशन निवासी 17 वर्षीय किशोर का एक युवती से प्रेम संबंध था। आरोप है कि युवती के भाई ने उसे बातचीत करने के बहाने बुलाया। किशोर अपने तीन दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा, जहां पहले से मौजूद दूसरे पक्ष के लोगों से उसकी कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने किशोर के सीने और पेट पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल किशोर को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।





