बिजनौर को मिलेगी करोड़ों की सौगात: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज बिजनौरआगमन…

Edited By: Amrit Samuel, District Reporter, Bijnor. 17/07/2026

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बिजनौर के एक दिवसीय दौरे पर आये हैं। इस दौरे को लेकर पूरे शहर और प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज देखी जा सकतीहै। मुख्यमंत्री यहाँ जिले के विकास के लिए 1003 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात लेकर आये हैं।

विकास का महामंथन और सौगातों की बौछार

मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर दोपहर करीब 1 बजे पुलिस लाइन पहुंचा, जहाँ से वे सीधे वर्धमान डिग्री कॉलेज के मैदान के लिए रवाना हुए। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में वे न केवल जिले के लिए कई नई विकास योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, बल्कि बनकर तैयार हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। मुख्य रूप से बिजनौर और चांदपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए यह दिन विशेष रहने वाला है। साथ ही, वे सरकारी योजनाओं का लाभ पाने वाले लाभार्थियों को खुद अपने हाथों से स्वीकृति पत्र सौंपेंगे।

भव्य स्वागत और पुख्ता सुरक्षा इंतजाम

मुख्यमंत्री के भव्य स्वागत के लिए स्थानीय स्तर पर अनूठी तैयारी की गई है। उनके काफिले और सभा में पहुँचने वाले जनसमूह पर फूलों की बारिश करने के लिए करीब 12 बुलडोजर तैनात किए गए हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए सदर विधायक ऐश्वर्या मौसम चौधरी ने 150 बसों की व्यवस्था की है, ताकि दूर-दराज के इलाकों से लोग आसानी से जनसभा में शामिल हो सकें।

प्रशासन की पैनी नजर

जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि सभा स्थल पर बैठने की उत्तम व्यवस्था और पीने के पानी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चिलचिलाती गर्मी को देखते हुए विशेष ध्यान रखा गया है। सुरक्षा के लिहाज से पूरा शहर छावनी में तब्दील हो गया है। पुलिस प्रशासन हर गतिविधि पर बारीक नजर रख रहा है और कार्यक्रम स्थल के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों ने अपनी अंतिम तैयारियों के साथ मुख्यमंत्री के इस दौरे के लिए पूरी कमर कस ली है। अब बस बिजनौर को विकास के नए आयाम मिलने का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!