Edited By: Abraham Soy, District Reporter West Singhbhum, Jharkhand
पश्चीमी सिंहभूम , 21/07/2026
चाईबासा, 21 जुलाई। लगातार हो रही बारिश के कारण चाईबासा–जगन्नाथपुर मुख्य मार्ग पर स्थित सेरेंगसिया पुलिया मंगलवार शाम करीब 4:00 बजे बाढ़ के पानी में डूब गई, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। पुलिया के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।इसी दौरान जगन्नाथपुर से चाईबासा की ओर आ रही एक मोटरसाइकिल तेज बहाव में बह गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया। पूछने पर उसने अपना नाम और वाहन संख्या बताने से इनकार कर दिया। बताया जाता है कि वह चाईबासा के महुलसाई का निवासी है।समाचार लिखे जाने तक (शाम करीब 6:10 बजे) पुलिया पर पानी का स्तर कम नहीं हुआ था, जिसके कारण आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लोगों को वैकल्पिक मार्ग तलाशने पड़े और उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से कोई राहत या सुरक्षा व्यवस्था मौके पर नहीं पहुंची थी।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम में सेरेंगसिया पुलिया पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं तथा जलभराव की स्थिति में समय रहते यातायात रोकने और वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।


